व्यापार
16-Jun-2026


- सेमीकंडक्टर, एआई और विश्वविद्यालय शोध में सहयोग पर जोर नई दिल्ली (ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सिंगापुर के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की और राज्य में तकनीकी सहयोग व निवेश की मांग की। उन्होंने सेमीकंडक्टर, कृत्रिम मेधा (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और विश्वविद्यालय शोध जैसे उभरते क्षेत्रों में साझेदारी पर विशेष जोर दिया। बैठक में नायडू ने सिंगापुर से आंध्र प्रदेश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने व क्षमता निर्माण में मदद मांगी। उन्होंने उद्यम पूंजी और स्टार्टअप निवेशकों को राज्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया, साथ ही राज्य के बढ़ते औद्योगिक परिवेश, नवाचार अवसंरचना और निवेशक-अनुकूल नीतियों को रेखांकित किया। उन्होंने औद्योगिक परियोजनाओं व रतन टाटा नवाचार केंद्र के माध्यम से विकसित स्टार्टअप में निवेश का सही समय बताया। यात्रा के दौरान नायडू ने सरकारी अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों व निवेशकों से मुलाकात कर अवसंरचना, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण व शिक्षा में निवेश पर चर्चा की। भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने बताया कि सिंगापुर हरित ऊर्जा और सेमीकंडक्टर परिवेश में अग्रणी है तथा भारत के राज्यों के साथ काम करने को इच्छुक है। नायडू ने संयुक्त राष्ट्र-हैबिटेट और गूगल क्लाउड से साझेदारी का प्रस्ताव भी रखा, तथा सिंगापुर की कंपनियों को लॉजिस्टिक्स, आपूर्ति श्रृंखला व डिजिटल अवसंरचना में निवेश के लिए आमंत्रित किया। सतीश मोरे/16जून ---