- वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद नए उत्पाद और जेएलआर के साथ सहयोग विकास बढ़ाएंगे नई दिल्ली (ईएमएस)। टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने विश्वास व्यक्त किया है कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) वित्त वर्ष 2026-27 तक व्यापक आर्थिक और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद उद्योग में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करेगी। उन्होंने कंपनी की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को लिखे अपने पत्र में यह बात कही। चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी नए उत्पादों और मल्टी-पावरट्रेन पेशकशों के समर्थन से वित्त वर्ष 2026-27 में मजबूती से प्रवेश कर रही है, जिसका उद्देश्य उद्योग में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करना है। उनका ध्यान सुरक्षा, स्थिरता, गुणवत्ता और ग्राहक संतुष्टि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को गहरा करने पर रहेगा, साथ ही व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच लचीलेपन पर भी जोर दिया जाएगा। समूह की कंपनियों के बीच तालमेल पर प्रकाश डालते हुए, चंद्रशेखरन ने बताया कि टीएमपीवी और उसकी ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और मानव संसाधन में सहयोग जारी रखेंगे। उनका मानना है कि इससे दक्षता बढ़ेगी, सीखने की गति तेज होगी और पूंजी अनुशासन मजबूत होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि डिजिटल प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (एआई) में वैश्विक प्रगति परिवहन उत्पादों के डिजाइन, अनुभव और समर्थन के तरीके बदल रही है। इसी के साथ, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव, सुरक्षा को लेकर बढ़ती अपेक्षाएं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का पुनर्गठन प्रतिस्पर्धा को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं। भू-राजनीतिक स्थितियां और असमान आर्थिक सुधार इन चुनौतियों को और जटिल बना रहे हैं, जिससे लचीलापन एवं मजबूती बेहद महत्वपूर्ण क्षमताएं बन गई हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में टाटा मोटर्स ने 92,000 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बेचे, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 43.4 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाते हैं। सतीश मोरे/16जून ---