दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दी चेतावनी, भवन मालिकों से तत्काल मरम्मत कराने की अपील सीहोर (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर पालिका ने नगर में जनसुरक्षा के मद्देनजर जर्जर एवं खतरनाक भवनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित किए गए जर्जर मकानों को नगर पालिका अमले द्वारा जमींदोज किया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भवन स्वामियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करने की चेतावनी भी दी। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर पालिका के प्रभारी राजस्व अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह के निर्देश पर बारिश के पूर्व यह कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में नगर के चरखा लाइन में एक मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण बुजुर्ग महिला मृतक हो गई थी, वहीं अनेक मकान शहर में जर्जर है। इसको लेकर हाउसिंग बोर्ड में एक दर्जन जर्जर मकानों पर नगर पालिका सहायक यंत्री विजय कोली और वैभव लोवनिया, अतिक्रमण प्रभारी तिलक वर्मा आदि मौजूद थे। राजस्व प्रभारी श्री शुक्ला ने कहाकि बरसात के दौरान पुराने एवं क्षतिग्रस्त मकानों के गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए तकनीकी निरीक्षण के बाद अत्यधिक जर्जर एवं खतरनाक घोषित भवनों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिन भवनों की स्थिति कमजोर है, उनके मालिकों को पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक मरम्मत अथवा भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयावधि के बाद भी सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन जर्जर अवस्था में है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। साथ ही भवन मालिकों से कहा गया है कि वे अपने पुराने एवं क्षतिग्रस्त मकानों की समय रहते मरम्मत कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। नागरिकों की सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और आगे भी ऐसे भवनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। विमल जैन, १६ जून, २०२६