बालाघाट (ईएमएस). भारत मौसम विज्ञान विभाग, नई दिल्ली के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से प्राप्त पांच दिवसीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 17 से 21 जून 2026 के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने, हल्की वर्षा होने, आकाशीय बिजली गिरने तथा आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। जिला कृषि मौसम इकाई एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बडग़ांव- बालाघाट द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में हवा की गति लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों एवं किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पांच दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 39.3 से 39.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं सुबह के समय वातावरण में 49 से 50 प्रतिशत तथा दोपहर के समय 33 से 37 प्रतिशत तक सापेक्षिक आद्र्रता (नमी) बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दक्षिण दिशा से लगभग 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि आंधी-तूफान की स्थिति में हवा की गति अचानक बढ़ सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र बडग़ांव के वैज्ञानिक डॉ धर्मेन्द्र अगासे ने जिले के किसानों को सलाह दी है कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाएं। धान की बुवाई, बीज उपचार एवं अन्य खरीफ फसलों से संबंधित कार्य मौसम की स्थिति को देखकर करें। तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए किसान खुले खेतों में अनावश्यक रूप से न रुकें तथा कृषि उपकरणों एवं पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। भानेश साकुरे / 16 जून 2026