क्षेत्रीय
16-Jun-2026


मैन्युअल पासबुक में जमा राशि दर्ज, कंप्यूटर रिकॉर्ड में नहीं—शिकायत के बाद जांच के निर्देश बालाघाट (ईएमएस). जिले में सरकारी योजनाओं की विश्वसनीयता एक बार फिर कटघरे में है। सुकन्या समृद्धि योजना जैसे संवेदनशील खाते में जमा की गई राशि ही रिकॉर्ड से गायब बताई जा रही है। डाकघर की मैन्युअल एंट्री और कंप्यूटरीकृत रिकॉर्ड में अंतर ने सिस्टम की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लांजी तहसील के ग्राम बापडी निवासी सुभाष बनोटे अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2018 को उन्होंने कारंजा उप डाकघर में अपनी पुत्री हीना बनोटे के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया था और 5 हजार रुपए जमा किए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, खाते की पासबुक में मैन्युअल एंट्री के दौरान 5 हजार रुपए जमा दर्शाए गए थे और उस पर डाकघर की सील भी लगी हुई है। लेकिन जब हाल ही में पासबुक की कंप्यूटरीकृत एंट्री कराई गई, तो उसमें यह राशि जमा नहीं होना बताया जा रहा है। इस विसंगति को लेकर सुभाष बनोटे ने चिंता जताई है और कहा है कि उनकी बेटी के खाते में जमा की गई राशि का कोई रिकॉर्ड नहीं होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर उनकी पुत्री के खाते में 5 हजार रुपए की राशि दिलाई जाए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब यह देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जमा राशि का वास्तविक स्थिति क्या है। भानेश साकुरे / 16 जून 2026