क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 वाहन चोरों और 1 खरीदार सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त 1 अन्य वाहन सहित कुल 13 वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 5.20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित कर शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में 15 जून 2026 को टीम को सूचना मिली कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के आधार पर दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम संतोष कुमार गुप्ता और असरफ अली बताया। जब उनसे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 12 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी की गाड़ियों को वे कुंद्रापारा, गुढ़ियारी निवासी फैजान खान को बेचते थे। इसके बाद पुलिस टीम ने फैजान खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ चोरी के वाहन खरीदने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त 1 वाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/16 जून 2026