क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले में 21 जून 2026 को नीट प्रवेश परीक्षा का आयोजन 8 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 3112 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि सभी परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। संयुक्त कलेक्टर राहुल नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 8 केंद्र बनाये गए है। परीक्षा केंद्र सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में 600, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढ़ी में 232, कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में 240, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 480, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 240, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में 480, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय भरवेली में 360 तथा जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 480 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की स्टेशनरी सामग्री जैसे पेपर, कंपास बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, पेनड्राइव, राइटिंग पैड, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन तथा संचार उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर आदि लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों को वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, धातु के आभूषण एवं खाद्य सामग्री लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को साधारण कपड़े पहनकर तथा पैरों में कम हील की चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। वे अपने साथ केवल पारदर्शी पानी की बोतल ला सकते हैं। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीसी से की नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नीट राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। बेहतर प्रबंधन एवं कार्य कुशलता से पूरी पारदर्शिता के साथ यह परीक्षा सम्पन्न करायें। उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजन में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे। परीक्षा कराने में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का पालन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार 16 जून को मंत्रालय में नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा-2026 की आगामी रविवार (21 जून) को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीट परीक्षा के समन्वयक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केन्द्रों में लगाई जाने वाली बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर 19 जून को ही परीक्षा केन्द्रों में लगा दिए जाएं और 20 जून को इनका ट्रायल रन भी कर लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि नीट परीक्षा के दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में भी होने हैं, इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। यातायात का बेहतर नियोजन करें। सुनिश्चित करें कि सभी परीक्षार्थी तय समय से पहले तक केन्द्रों में पहुंच जायें। किसी परीक्षार्थी को यदि सेंटर तक पहुंचने में आवागमन के साधन की परेशानी आ रही है तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी किसी शासकीय वाहन या खुद अपने वाहन से उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों वाले सभी 30 जिलों के कलेक्टर्स-एसपी एवं परीक्षा सम्पन्न कराने की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को वीसी से निर्देशित किया कि नीट परीक्षा की तैयारियों के लिए उपयोग में लाई गई एसओपी अब प्रदेश में होने वाली सभी परीक्षाओं में उपयोग में लाई जाएगी। परीक्षा केन्द्रों वाले जिलों के पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुडकऱ परीक्षा की अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। भानेश साकुरे / 16 जून 2026