क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


‘आराध्य पर अमर्यादित बयान से बिगड़ रहा सामाजिक माहौल’—समाज का आरोप बालाघाट (ईएमएस). जिले में राजनीतिक बयानबाजी अब सामाजिक टकराव का रूप लेती नजर आ रही है। गर्रा रेलवे ओवर ब्रिज के नामकरण को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे की टिप्पणी ने पवार समाज की भावनाओं को भडक़ा दिया है। समाज ने इसे अपने आराध्य राजा भोज का अपमान बताते हुए खुला विरोध छेड़ दिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि अब मामला केवल विरोध तक सीमित नहीं, बल्कि देशभर में आंदोलन की तैयारी तक पहुंच गया है। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे द्वारा गर्रा रेलवे ओवर ब्रिज का नामकरण राजा भोज के नाम पर किए जाने का विरोध करते हुए की गई टिप्पणी पर पवार समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों ने इसे अमर्यादित बताते हुए कड़ी निंदा की है और कार्रवाई की मांग उठाई है। मंगलवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पवार समाज के जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन ने कहा कि नगरीय प्रशासन द्वारा शहर के 26 स्थानों का नामकरण किया गया है, जिसमें प्रस्ताव क्रमांक 6 के तहत गर्रा रेलवे ओवर ब्रिज का नाम राजा भोज के नाम पर रखा जाना शामिल है। इसके बावजूद पूर्व सांसद द्वारा की गई टिप्पणी समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। विशाल बिसेन ने स्पष्ट किया कि इस मामले को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जहां-जहां पवार समाज के संगठन सक्रिय हैं, वहां-वहां 18 जून को ज्ञापन सौंपकर पूर्व सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां शहर और जिले के सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे का काम कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए, ताकि स्थिति और न बिगड़े। पवार समाज ने संकेत दिए हैं कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल 18 जून को होने वाले ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर समाज के बीच व्यापक तैयारियां चल रही हैं। भानेश साकुरे / 16 जून 2026