क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


मंडला भाजपा कार्यालय घेराव से पहले कार्यकर्ताओं को रोका, चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका मंडला (ईएमएस)। मंडला में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करने के बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में भाजपा दफ्तर का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर बीच में ही रोक दिया। इस दौरान गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। साथ ही उन्होंने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए अगरबत्ती जलाई और सरकार को सद्बुद्धि देने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और नामांकन निरस्त करने के इस फैसले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के पूरी तरह खिलाफ बताया। संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि कांग्रेस बेहद शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वह संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर काम करवा रही है, जिसकी वजह से चुनाव आयोग अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाने में नाकाम साबित हुआ है। अदालत की अनदेखी और जनता के बीच जाने का एलान डॉ. मर्सकोले ने आगे कहा कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को निरस्त करने का कोई कानूनी या वैधानिक आधार नहीं था। यह कार्रवाई केवल राजनीतिक दबाव में की गई प्रतीत होती है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जब संबंधित मामले में न्यायालय पहले ही अपना स्पष्ट रुख जाहिर कर चुका है, तब भी नामांकन निरस्त किया जाना न केवल न्यायिक भावना की अवहेलना है बल्कि मतदाताओं के अधिकारों का भी हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी मुकाबले में राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए प्रशासनिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार सर्वोपरि है और किसी भी उम्मीदवार को बिना ठोस कानूनी आधार के चुनावी प्रक्रिया से बाहर करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो पार्टी जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी जाएगी। नेताओं ने लोकतंत्र, संविधान और चुनावी पारदर्शिता की रक्षा के लिए जनता से एकजुट होने की अपील भी की। ईएमएस/ मोहने/ 16 जून 2026