खेल
09-Apr-2025
...


:: खेलों के लिए आवंटित बजट का खर्च नहीं होना विचारनीय प्रश्न है :: :: इन्दौर मीडिया कॉन्क्लेव में हुआ वरिष्ठ खेल पत्रकारों एवं खेल स्पर्धा के विजेताओं का सम्मान :: इन्दौर (ईएमएस)। खेल और खिलाड़‍ियों के उन्नयन के लिए सरकार बजट तो आवंटित करती है, मगर ये बजट बिना खर्च हुए ही लेप्स हो जाता है। इसकी तह में जाकर पत्रकारों को पड़ताल करना होगी, क्योंकि खेल और खिलाड़ी के उन्नयन के लिए यह अति आवश्यक है। यह बात ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अनिल धूपर ने कही। वे इन्दौर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इन्दौर मीडिया कॉन्क्लेव के तहत खेल पत्रकारों के सम्मान तथा अतुल लागू स्मृति टेबल टेनिस स्पर्धा और जीवन साहू स्मृति कैरम स्पर्धा के विजेताओं के पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे। धूपर ने कहा कि खेलों के उत्थान में तीन सी यानि चैंपियनशिप, कोर्ट और कोच अहम हैं। बीते चार साल से टेनिस एसोसिएशन ने हर सप्ताह 15 टूर्नामेंट करवाए। यह अपने आप में विशेष बात है। आज अकेले इन्दौर में 100 टेनिस कोर्ट हैं और करीब 3 हजार कोच उपलब्ध हैं। धूपर ने कहा कि इन्दौर के खेल पत्रकार हमेशा खेल और खिलाडिय़ों के प्रति संवेदनशील रहे हैं, इसलिए इनका सम्मान होना ही चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सहयोगी बनने की बात भी कही। कार्यक्रम में ख्यात हॉकी खिलाड़ी एवं पूर्व ओलंपियन मीररंजन नेगी, मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी, बास्केटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल कुलविंद सिंह गिल, वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमट, विद्यानंद बाकरे विशेष रूप से उपस्थित थे। :: पत्रकारों के कारण प्राप्त हुआ सम्मान : नेगी पूर्व ओलंपियन मीररंजन नेगी ने कहा कि एशियन गेम्स के दौरान एक पत्रकार की वजह से मेरे खेल जीवन पर दाग लगा था और इसी पत्रकार बिरादरी ने मेरा साथ दिया और मेरे खोए सम्मान को लौटाने में मदद की। इसमें इन्दौर के खेल पत्रकारों का विशेष योगदान रहा। आज जिन लोगों को सम्मानित किया गया, उनसे मेरे गहरे ताल्लुक हैं और मैं इस समारोह में आकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि अपने साथी पत्रकार की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए नियमित स्पर्धा आयोजित करना अनुकरणीय कार्य है, जिसे इन्दौर प्रेस क्लब सिद्धहस्त से निभा रहा है। स्व. जीवन साहू और स्व. अतुल लागू ना सिर्फ अच्छे पत्रकार थे, बल्कि बेहत सरल और ईमानदार रिश्ते निभाने वाले इंसान भी थे। बास्केटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल कुलविंद सिंह गिल ने कहा कि इन्दौर के खिलाड़‍ियों को शासन स्तर पर कम सम्मान मिल रहा है, यह चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में अधिकारी अपनी मनमर्जी से राज्यस्तरीय पुरस्कार तय कर लेते हैं। इस साल भी सिर्फ दो खिलाड़‍ियों को विक्रम अवार्ड प्राप्त हुआ है। ऐसी मनमानियों पर रोक लगाने के लिए खेल पत्रकारों को आगे आना होगा। कार्यक्रम के आरंभ में इन्दौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि पत्रकार बिरादरी एक परिवार की तरह है, जिसका नेतृत्व इन्दौर प्रेस क्लब करता है। हम हमारे वरिष्ठ साथियों को सम्मानित कर गौरवान्वित हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशीम पगारे ने किया। आभार महासचिव हेमंत शर्मा ने माना। कार्यक्रम के अंत में ख्यात सूफी गायक कपिल पुरोहित का गायन हुआ। :: इनका हुआ सम्मान :: अशोक कुमट, विद्यानंद बाकरे, प्रशांत रॉय चौधरी, मनोहर भाटी, हेमन्त उपाध्याय, सुभाषचंद्र सातालकर, नरेन्द्र भाले, रवि तिवारी, धर्मेश यशलाहा, अनिल त्यागी, डॉ. सुशीम पगारे, किरण वाईकर, नरेन्द्र जोशी, गजेन्द्र नागर, विकास पाण्डे, राहुल शेलगांवकर, प्रकाश कजोड़‍िया, समीर देशपांडे, कपिश दुबे, मिलिंद लश्करी, शैलेन्द्र सिरसाठ, राजकुमार अग्निहोत्री एवं मयंक यादव। :: अतुल लागू स्मृति टेबल टेनिस स्पर्धा :: 2023 - अन्ना दुरई (विजेता), राजेश ज्वेल (उपविजेता), अरविंद तिवारी (तृतीय), रफी मोहम्मद शेख (चतुर्थ) 2024 - विभूति शर्मा (विजेता), राजू घोलप (उपविजेता), किरण वाईकर (तृतीय), रफी मोहम्मद शेख (चतुर्थ) :: जीवन साहू स्मृति कैरम स्पर्धा :: 2023 - जयराज उज्जैन (विजेता), सिराज अहमद (उपविजेता), सतीश गौड़ (तृतीय), अमित त्रिवेदी (चतुर्थ) 2024 - सिराज अहमद (विजेता), अमित त्रिवेदी (उपविजेता), शाकिर सिद्दिकी (तृतीय), दिनेश देवड़ा (चतुर्थ) उमेश/पीएम/9 अप्रैल 2025