:: महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने साबित की अपनी श्रेष्ठता; युगल मुकाबलों में भी दिखा जलवा :: पुणे (ईएमएस)। बालेवाड़ी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पहले चरण में महाराष्ट्र के पैडलर्स का दबदबा देखने को मिला। चैंपियनशिप के पांचवें दिन अनुभवी खिलाड़ियों की श्रेणियों में महाराष्ट्र के पैडलर्स ने एक के बाद एक स्वर्ण पदक अपने नाम किए। एकल मुकाबलों में लक्ष्मणराव ठाकरे और जयंत कुलकर्णी की खिताबी जीत ने जहां दर्शकों का दिल जीता, वहीं युगल मुकाबलों में राजेश्वरी म्हेत्रे और उमेश कुंभोजकर की जोड़ी के शानदार प्रदर्शन ने महाराष्ट्र की श्रेष्ठता पर मुहर लगा दी। पुरुष एकल 60 प्लस वर्ग के फाइनल में लक्ष्मणराव ठाकरे ने अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए विवेक अलवानी को सीधे गेमों में 11-7, 11-6, 11-6 से धूल चटा दी। वहीं पुरुष एकल 65 प्लस वर्ग का फाइनल बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जयंत कुलकर्णी ने कड़े संघर्ष के बाद प्रकाश केलकर को 11-8, 8-11, 12-10, 11-13, 11-8 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। युगल स्पर्धाओं में भी महाराष्ट्र के खिलाड़ी छाए रहे। पुरुष युगल 60 प्लस वर्ग में लक्ष्मणराव ठाकरे और शैलेश गोसाईं की जोड़ी ने प्रदीप गुप्ता और संजय श्रीपद जैन को 8-11, 11-9, 11-9, 11-8 के अंतर से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। पुरुष युगल 65 प्लस वर्ग में प्रकाश केलकर ने हार को पीछे छोड़ते हुए अनिल रसम के साथ मिलकर रावी वशिष्ठ और अनिल कुमार गोयल को 11-4, 11-6, 9-11, 11-7 से मात दी। पुरुष युगल 70 प्लस वर्ग में सुहास दांडेकर और शिवानंद कुंडाजे की जोड़ी ने योगेश देसाई और पर्सी मेहता के खिलाफ 14-12, 11-7, 3-11, 9-11, 11-6 से जीत हासिल की। पुरुष युगल 75 प्लस वर्ग में चंडीगढ़ के पतंजलि और बलबीर सिंह विर्दी की जोड़ी ने मुकुंद देव अग्रवाल और रामपाल कुमावत को 11-6, 11-7, 11-9 से हराकर स्वर्ण अपने नाम किया। मिश्रित युगल स्पर्धाओं में भी रोमांच कम नहीं था। मिश्रित युगल 60 प्लस वर्ग में पश्चिम बंगाल के मंटू मुर्मू और विवेक अरोड़ा ने नीरू मेहता और अनुज शर्मा को 11-8, 11-7, 11-8 से सीधे गेमों में हराकर खिताब जीता। वहीं मिश्रित युगल 65 प्लस वर्ग में महाराष्ट्र की राजेश्वरी म्हेत्रे और उमेश कुंभोजकर की जोड़ी ने इंदु शर्मा और अनिल कुमार गोयल को 6-11, 11-6, 11-7, 11-7 से पटखनी दी। चैंपियनशिप के पहले चरण का आज सफल समापन हो गया है। कल खिलाड़ियों को विश्राम मिलेगा। इसके बाद 30 अप्रैल से 40, 45, 50 और 55 प्लस आयु वर्ग की टीम, एकल और युगल स्पर्धाओं के साथ मुकाबले फिर से शुरू होंगे। प्रकाश/28 अप्रैल 2026