:: अगस्त में हैदराबाद में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी टीम अवागार्ड :: इंदौर (ईएमएस)। यशवंत क्लब में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य ब्रिज चैंपियनशिप का समापन इंदौर की टीम अवागार्ड की धमाकेदार जीत के साथ हुआ। चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा का खिताब इंदौर की इसी टीम ने अपने नाम कर प्रदेश भर में अपना लोहा मनवाया। अनिल विजयवर्गीय की कप्तानी में अवागार्ड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल ट्रॉफी जीती, बल्कि अगस्त महीने में हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय ब्रिज चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की आधिकारिक टीम के रूप में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में कप्तान अनिल विजयवर्गीय के साथ जिनेश अग्रवाल, विनोद ननेरिया, पंकज अग्रवाल, प्रकाश अचार और प्रशांत सिन्हा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में आर.के. नागपाल के नेतृत्व में अनूपपुर की टीम एमपीईबी उपविजेता रही। पूरे टूर्नामेंट के दौरान एमपीईबी टीम ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ से कड़ा मुकाबला पेश किया। उपविजेता टीम में कप्तान आर.के. नागपाल के साथ दिनेश पटेल, एस.एन. श्रीवास्तव, विनोद सोनी और रवि सिंह जैसे खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया। 24 से 26 अप्रैल तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में 36 से 85 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों का जोश देखते ही बनता था। चैंपियनशिप में देवास, बैतूल, सुहागपुर, छिंदवाड़ा, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ओपन श्रेणी में महिला खिलाड़ियों की उपस्थिति ने खेल के स्तर को और ऊंचा उठाया। टीम स्पर्धा के अलावा पेयर इवेंट में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें छिंदवाड़ा के सूर्यकांत राठी और चैनराज नाहर की जोड़ी विजेता रही। इंदौर के अनिल विजयवर्गीय और जिनेश अग्रवाल उपविजेता रहे, जबकि इंदौर के ही प्रो. अशोक जोगलेकर और सुधीर जैन की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। ब्रिज फेडरेशन ऑफ इंडिया के रेफरी नरसिंह राव ने विशाखापत्तनम से आकर खेल का निष्पक्ष संचालन किया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पवन शर्मा ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इंदौर में हुआ यह आयोजन प्रदेश में ब्रिज खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। प्रकाश/28 अप्रैल 2026