इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 46वें ग्रीष्मकालीन जूनियर बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल, इंदौर में 08 मई 2026 से 29 मई 2026 तक आयोजित होगा। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव आर.पी. सिंह नय्यर ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन सुबह और शाम, दो सत्रों में संचालित किया जाएगा। शिविर में प्रशिक्षकों के रूप में सुधांशु व्यास, राज्य स्तरीय खिलाड़ी मनीष त्रिवेदी और पूर्व राज्य विजेता रूबी नय्यर उभरते हुए खिलाड़ियों को बैडमिंटन के गुर सिखाएंगे। :: खेल की बारीकियां सीखेंगे खिलाड़ी :: इस ग्रीष्मकालीन शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को बैडमिंटन के नियमों, शारीरिक व्यायाम (वर्कआउट) और खेल की तकनीकी बारीकियों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। संघ के सचिव ने यह भी जानकारी दी कि शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए एक बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी और उनके अभिभावक अधिक जानकारी के लिए नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में संघ के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। प्रकाश/28 अप्रैल 2026