:: चत्रभुज नरसी स्कूल में निशानेबाजी स्पर्धा सम्पन्न :: इंदौर (ईएमएस)। चत्रभुज नरसी स्कूल (सीएनएस) में निशानेबाजी का कौशल और उत्सव का उल्लास एक साथ देखने को मिला। यहाँ आयोजित दो दिवसीय पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में पिता-पुत्र की जोड़ी दीपेंद्र और तनिष्क वर्मा ने अपनी एकाग्रता और अचूक निशाने से चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। ओलंपिक कोच रौनक पंडित के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन ने न केवल शहर के युवा निशानेबाजों को एक नई दिशा दी, बल्कि स्कूल परिसर में आयोजित फिएस्टा ने इसे परिवारों के लिए यादगार बना दिया। कड़े मुकाबले के बाद दीपेंद्र वर्मा और तनिष्क वर्मा ने अपने सटीक निशाने और धैर्य का परिचय देते हुए बाजी मारी, जबकि आदित्यवर्धन सिंह और भूमिका सोलंकी प्रतियोगिता के रनर-अप रहे। इस वर्कशॉप में लगभग 89 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर पेशेवर शूटिंग की बारीकियां सीखीं। एकेडमी के मेंटर और कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट रौनक पंडित ने कहा कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में फोकस, सब्र और आत्मविश्वास जगाने की कोशिश थी। उन्होंने कहा कि स्कूल की वर्ल्ड-क्लास 10-मीटर शूटिंग रेंज इंदौर में भविष्य के ओलंपिक चैंपियन तैयार करने की पूरी क्षमता रखती है। सीएनएस के चेयरपर्सन सुजय जयराज ने कहा कि स्कूल का विजन शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण से जोड़ना है। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. जेरिन जैकब ने भी आयोजन की सफलता और छात्रों के अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की। :: फिएस्टा ने बनाया उत्सवी माहौल :: शूटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ स्कूल परिसर में आयोजित फिएस्टा ने उत्सव का माहौल बना दिया। इसमें करीब 266 लोगों ने शिरकत की। फिएस्टा में क्रिएटिव आर्ट स्पेसेस, डीआईवाई स्टॉल्स और बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बाउंसी कैसल मौजूद रहे। आयोजन का मुख्य आकर्षण नव-उद्घाटित प्ले एरिया रहा, जहाँ दिन भर बच्चे अपने अभिभावकों के साथ खेलते नजर आए। वहीं, माताओं के लिए आयोजित जुम्बा सत्र में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर खूब आनंद उठाया। प्रकाश/28 अप्रैल 2026