राष्ट्रीय
22-Apr-2025


गिरिडीह(ईएमएस)।80 के दशक में नक्सलवाद में कदम रखने वाले सेंट्रल कमेटी के सदस्य और एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रयाग मांझी उर्फ विवेक के मारे जाने से नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। प्रयाग के अलावा जोनल कमेटी सदस्य 10 लाख के इनामी नक्सली साहेबराम मांझी समेत 8 नक्सलियों की मौत से गिरिडीह के पासरनाथ में नक्सली गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की योजना को बड़ा झटका लगा है। इसी मकसद से हाल ही में पारसनाथ क्षेत्र की कमान संगठन में रणनीतिक और सैन्य मोर्चे पर काम करने वाले खतरनाक माओवादी प्रयाग मांझी को सौंपा गया था। कमान संभालने के बाद से प्रयाग पारसनाथ इलाके में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा था। हाल के वर्षों में पारसनाथ में नक्सल संगठन काफी कमजोर हुआ है। गिरिडीह का पारसनाथ नक्सलियों के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना रहा है। प्रयाग मांझी को कई नामों से जाना जाता था, उसमें फुचना, नागो मांझी और करण दा शामिल है। प्रयाग लंबे समय से आतंक का पर्याय बना हुआ था। प्रयाग मांझी उर्फ विवेक मूल रूप से धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के दलबूढ़ा गांव का रहनेवाला था। प्रयाग न सिर्फ पारसनाथ और झुमरा पर्वत में सक्रिय था, बल्कि छतीसगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी उसका नेटवर्क फैला हुआ था। उसके खिलाफ सिर्फ गिरिडीह जिले में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ में मारा गया साहेबराम मांझी गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के करन्दो गांव का रहनेवाला है। इसके अलावा मुठभेड़ में मारे गये गंगराम खुखरा थाना क्षेत्र के चतरो, तालो दी निमियाघाट थाना क्षेत्र के बंदखारो एवं महेश मांझी पीरटांड़ के रहने वाले है। सात महीने पहले विवके दा की पत्नी की हुई थी मौत प्रयाग मांझी उर्फ विवेक की पत्नी जया मांझी की सात माह पहले 21 सितंबर 2024 को रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। वह गॉल ब्लैडर कैंसर से पीड़ित थी। 25 लाख की इनामी नक्सली जया मांझी को गिरिडीह पुलिस ने 16 जुलाई 2024 को धनबाद के एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया था, जहां वह नाम बदलकर अपना इलाज करवा रही थी। जया मांझी भाकपा माओवादी संगठन में महिला विंग की अहम सदस्य थी और वह इस विंग का कामकाज देखती थी लेकिन बीमारी की वजह से वह भूमिगत हो गयी थी और गुपचुप तरीके से धनबाद के अस्पताल में इलाज करवा रही थी। लेकिन गिरिडीह पुलिस को इसकी भनक लग गयी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। वीरेंद्र/ईएमएस/22अप्रैल2025