राज्य
21-May-2025
...


कांकेर(ईएमएस)। नक्सलियों के खिलाफ अभियान में लगे डीआरजी के दो जवानों पर सर्चिंग के बाद वापस लौटते समय बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे दोनों जवान करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। घटना में एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र सोरी और संजय गढ़पायले सर्च ऑपरेशन पूरा कर बाइक से लौट रहे थे कि रास्ते में अचानक टूटे हुए बिजली के तार बाइक में फंस गए। तार से बह रहा करंट दोनों जवानों को झुलसा गया। धर्मेंद्र सोरी का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया है जबकि संजय गढ़पायले की स्थिति स्थिर बताई गई है। घायल जवानों की सूचना मिलते ही अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंसोड इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और दोनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। फिलहाल, दोनों जवानों का इलाज अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2025