नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी में भीषण गर्मी अपने चरम पर है। लेकिन दिल्ली शहरी सुधार बोर्ड (डीयूएसआइबी) के अधीन संचालित आश्रय गृहों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। इन आश्रय गृहों में रहने वाले हजारों लोगों को न केवल गर्मी से जूझना पड़ रहा है, बल्कि उन्हें बुनियादी सुविधाओं की भी भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। एलएनजेपी अस्पताल के सामने स्थित आश्रय गृह की स्थिति बेहद खराब है। यहां लगे पांच कूलरों में से चार खराब पड़े हैं और एक कूलर महज नाम मात्र का हवा दे रहा है। पंखे भी इतनी धीमी गति से चलते हैं कि गर्मी से राहत नहीं मिलती। इतना ही नहीं, इन आश्रय गृहों में ठंडे पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरन लोग सामान्य गर्म पानी पीने को विवश हैं। कुछ लोग गर्मी और बदहाल स्थिति के कारण अस्पतालों में इलाज के लिए भी पहुंच रहे हैं। आसफ अली रोड स्थित आश्रय गृह में रहने वालों का कहना है कि पंखों की खराबी की शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई भी मरम्मत के लिए नहीं आया। अंततः वहां के केयरटेकर ने निजी प्रयासों से पंखे ठीक कराए। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/22/ मई /2025