इन्दौर (ईएमएस) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन्दौर के राजबाड़ा में दो दिन पहले हुई केबिनेट बैठक के बाद आज पहुंचकर राजबाड़ा परिसर में गंगाजल छिड़कते उसका शुद्धिकरण किया। पवित्रीकरण की यह प्रकिया पंडित विशाल चतुर्वेदी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूरी की गई। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव का कहना है कि मंत्रिमंडल की बैठक में देश की सेना का अपमान करने वाले उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शामिल होकर राजवाड़ा को अपवित्र किया है। इसी कारण पूरे परिसर का गंगाजल छिड़कते शुद्धिकरण करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सेना को प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक बताकर देश की सेना का अपमान किया है। इसी कारण राजवाड़ा परिसर का शुद्धिकरण किया गया और हनुमान चालीसा का पाठ कर राज्य सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई। उपमुख्यमंत्री की टिप्पणी से भाजपा की सोच और चरित्र उजागर हुआ है। ऐसे मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान राजवाड़ा के आसपास की सभी दुकानों को बंद करवा दिया गया, जबकि सामने स्थित शराब की दुकान को खुला रखा गया। उन्होंने कहा कि मां अहिल्या देवी के नाम पर सरकार ने दिखावा किया, जबकि असली समस्याओं की अनदेखी की गई। भाजपा सांसद और कलेक्टर ने यह घोषणा की थी कि राजवाड़ा परिसर की सजावट दो दिन तक नहीं हटाई जाएगी, लेकिन यह भी केवल दिखावा साबित हुआ। उन्होंने सरकार के कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कर्ज में डूबी सरकार ने इस आयोजन पर करोड़ों रुपए खर्च कर जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद किया। इंदौर में सड़कों की बदहाल स्थिति, धूल-धुएं और बिजली कटौती से जनता परेशान है। नशे और अपराध बढ़ रहे हैं, महंगाई, बेरोजगारी, भय और भ्रष्टाचार चरम पर है। इसके बावजूद सरकार ने राजसी वैभव के साथ खुद का प्रचार किया। आनन्द पुरोहित/ 23 मई 2025