राज्य
20-Sep-2025


साज सज्जा, मूर्ति स्थापना की तैयारियां लगभग पूर्ण जबलपुर, (ईएमएस)। आदिशक्ति मां जगदम्बे की उपासना का महापर्व शारदेय नवरात्र सोमवार से प्रारंभ हो जाएगा। नगर के मठ मंदिरों व देवी देवालयों की रंगाई पुताई का काम पूरा हो चुका है। रंग बिरंगी विद्युत छठाओं से मंदिरों को सजाया गया है। मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रुप देने में लगे हुए है। कल नवरात्र के प्रथम दिन बैठकी पर कई स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना हो जाएगी। देवी देवालयों में जवारो की स्थापना होगी और देवी भक्त नौ दिनों का उपवास करेंगे। नौरात्रि पर नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों का सिलासिला अनवरत चलेगा। बाजारों में पूजन सामाग्री की दुकाने सज गई है। फलाहारी आईटमों की आवक भी अच्छी हुई है। वहीं अभी तक प्रशासनिक स्तर पर की जाने वाली तैयारियां नदारत है। सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है स्ट्रीट लाईटें बंद पड़ी हुई है। मंदिरों के आसपास और मुख्य मार्गो पर साफ सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे में श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। रात में पुलिस गश्त की व्यवस्था भी अब लाजमी हो गई है। यहां उल्लेखनीय है कि बड़ी संख्या में महिलाएं बड़ी खेरमाई, बूढ़ी खेरमाई मंदिर में जल ढारने रात 3 बजे से ही नहा धोकर घरों से निकल पड़ती है। अंधेरे में मंदिर का रास्ता तय करने के लिए यहां सड़कों पर स्ट्रीट लाईट और साफ सफाई की व्यवस्था दुरस्त होनी चाहिए। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था भी चुस्त होनी चाहिए। रात में आवारागर्दी करने वालों पर कड़ी पाबंदी लगायी जाये ऐसी जनापेक्षा है। सुनील साहू / मोनिका / 20 सितबंर 2025/ 04.46