कांकेर(ईएमएस)। कांग्रेस में जिलाध्यक्ष पद के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच नामों की रायशुमारी शुरू हो गई है। प्रारंभिक चरण में पर्यवेक्षक ने दस-दस लोगों के ग्रुप बनाकर दावेदारों के नामों पर चर्चा की। कुछ समूह ऐसे भी थे, जिन्हें दावेदारों ने पूरी तैयारी के साथ भेजा था। दावेदारों ने अपने समर्थकों को खेमे के अनुसार नाम रखने को कहा, लेकिन पर्यवेक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी एक व्यक्ति का नाम ही चुना जाएगा। इसी प्रक्रिया में समर्थक बंद कमरे में नाम तो बता सके, लेकिन दावेदारों के पूछने पर वे असहज हो गए। रायशुमारी कार्यक्रम 11 से 16 अक्टूबर तक निर्धारित था, लेकिन इसे अचानक स्थगित कर 16 अक्टूबर को आयोजित करने की जानकारी जारी की गई। इसके अलावा 11 अक्टूबर की शाम अचानक आदेश जारी कर 12 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित किया गया और पर्यवेक्षक भी बदल दिए गए। इस कारण कुछ दावेदार समर्थकों के साथ दमखम से अपनी दावेदारी प्रस्तुत नहीं कर सके। पहले दिन राजीव भवन, कांकेर में जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों में कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर और नरहरपुर ब्लॉक के कई लोग पहुंचे। दोपहर तीन बजे पूर्व विधायक मनोज यादव के साथ अरुण वोरा और अंबिका मरकाम पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष सुभद्रा सलाम ने सभी दावेदारों और समर्थकों को समझाईश दी कि नामों को लेकर अपना पक्ष रखें, लेकिन नारेबाजी और शक्ति प्रदर्शन न करें। इसके बाद दस-दस लोगों के समूह बनाकर नाम फार्मेट में लिखकर बंद कमरे में पर्यवेक्षकों को भेजा गया। चर्चा शाम 7 बजे तक जारी रही। पहले दिन कुल 16 ने जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की। पर्यवेक्षक मनोज यादव ने कहा कि संगठन सृजन प्रक्रिया के माध्यम से ही जिलाध्यक्ष का चयन किया जा रहा है। अन्य प्रदेशों में भी इसी माध्यम से जिलाध्यक्ष चुने गए हैं। चयन में शक्ति प्रदर्शन या जाति समीकरण नहीं देखा जाएगा। इसके लिए पैरामीटर यही हैं कि व्यक्ति कांग्रेस कार्यकर्ता हो और कांग्रेस विचारधारा को मानता हो। सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं से चर्चा करके छह नामों का पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजा जाएगा। सबसे सक्रिय और सर्वमान्य व्यक्ति को ही जिला अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। कांग्रेस कार्यालय प्रभारी लोमेंद्र यादव ने बताया कि अभी तक 16 दावेदार सामने आए हैं। इनमें प्रमुख नाम हैं बसंत यादव (चारामा),नरेंद्र यादव (चारामा),हेमंत ध्रुव (कोरर),हेमनारायण गजबल्ला (कांकेर),तरेंद्र भंडारी (कांकेर),सुनीलपुरी गोस्वामी (कांकेर),नवलीमीना मंडावी (चारामा),रोमनाथ जैन (कांकेर),ठाकुरराम कश्यप (चारामा),संग्राम नेताम (कांकेर),मिथलेश शोरी (कांकेर),रमेश गौतम (कांकेर),पुरुषोत्तम पाटिल (कांकेर),नितिन पोटाई (कांकेर),गोमती सलाम (कांकेर) सुमति नेताम (कांकेर) दावेदारों की संख्या भविष्य में और बढ़ सकती है।