इन्दौर (ईएमएस) कफ सिरप पीने से प्रदेश में हुई 23 से अधिक बच्चों की मौत के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय रीगल तिराहे पर विरोध प्रदर्शन कर स्वास्थ्य एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को नरभक्षी बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री के पुतले पर नरमुंडों की माला भी पहना दी। जिला कांग्रेस सेवादल इंदौर के अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल व शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्रसिंह यादव तथा गिरीश जोशी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को उक्त मौतों की जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। नेताओं ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार नरभक्षी हो चुकी है। उसकी संवेदनाएं मर चुकी हैं। तभी तो इतनी बड़ी घटना के बाद भी मंत्री इस्तीफा नहीं दे रहे। इस अवसर पर कार्यवाहक अध्यक्ष जिला कांग्रेस सेवादल इंदौर विवेक खंडेलवाल ने कहा कि कफ सिरप पीने से 25 मासूम बच्चों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री को इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। मगर यह सरकार अमानवीय भी हो चुकी है उसकी संवेदनाएं भी मर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। इसलिए आज प्रदर्शन किया गया। जिसमें नरमुंडों की माला पहनाकर सांकेतिक रूप से बताया है कि लाशों पर राजनीति करने वाली बीजेपी सरकार है और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। आनन्द पुरोहित/ 14 अक्टूबर 2025