रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के कई इलाकों में आज शाम पानी की सप्लाई बंद रहेगी। बिजली कंपनी की ओर से 33 केवी लाइन के मेंटेनेंस कार्य के लिए सुबह से दोपहर तक करीब छह घंटे का बिजली शटडाउन रहेगा। इसके कारण नगर निगम के तीन प्रमुख फिल्टर प्लांटों से पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। नगर निगम के फिल्टर प्लांट के कार्यपालन अभियंता नरसिंह फरेंद्र ने बताया कि गुरुवार, 16 अक्टूबर को यह शटडाउन निर्धारित किया गया है। इसकी वजह से 80 एमएलडी, 150 एमएलडी और नया 80 एमएलडी वाटर प्लांट से जुड़ी कुल 42 पानी की टंकियों से शाम की सप्लाई बंद रहेगी। पानी की सप्लाई प्रभावित रहने वाले प्रमुख इलाके हैं डगनिया, गंज, गुढियारी, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, ईदगाहभाठा (पुरानी टंकी), श्याम नगर, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकुरबेडा, बैरन बाजार (नया), देवेंद्र नगर (नया), संजय नगर और मोतीबाग। हालांकि सुबह की सप्लाई सामान्य रूप से दी जाएगी। शाम को इन क्षेत्रों में पानी नहीं मिलेगा, लेकिन 17 अक्टूबर से सभी इलाकों में सप्लाई सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी। शहर के अन्य इलाकों, जहां अलग टंकियों या पावर पंपों से पानी की आपूर्ति होती है, वहां सेवा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अक्टूबर 2025