एडीलेड (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में अपनी अर्धशतकीय पारी के साथ ही एक अहम रिकार्ड बनाया है। अपनी इस पारी के साथ ही रोहित पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ते हुए एकदिवसीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने 97 गेंदों में 7 चौकों और दो छक्कों की मदद से 73 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 75.26 का रहा। अब 275 एकदिवसीय की 267 पारियों में रोहित ने 48.69 की औसत से 11,249 रन बनाए हैं, जिसमें 32 शतक और 59 अर्द्धशतक शामिल हैं और उनका सबसे अधिक स्कोर 264 रन है। उन्होंने गांगुली को पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने 308 मैचों में 40.95 की औसत से 22 शतक और 71 अर्द्धशतकों के साथ 11,121 रन बनाए थे। वहीं भारत की ओर से सबसे अधिक रन सचिन तेंदुलकर ने 463 मैचों में 49 शतकों के साथ 18,426 रन जबकि विराट कोहली ने 304 मैचों में 51 शतकों के साथ 14,181 रन बनाये हैं। रोहित ने 2022 के बाद से 19 बार अर्धशतक लगाये हैं। यह केवल दूसरा अवसर था जब उन्होंने 100 से कम स्ट्राइक रेट से 50 रन का आंकड़ा हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 2023 में घरेलू मैदान पर आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ 66 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। इस साल एकदिवसीय में रोहित ने 10 पारियों में 38.30 की औसत से 383 रन बनाए हैं। गिरजा/ईएमएस 23अक्टूबर 2025