मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई यातायात पुलिस द्वारा जुर्माना लगाए जाने से नाराज सम्पत चोरमले (32) नाम का टैक्सी ड्राइवर मुंबई में विधान भवन के बाहर के सामने पेड़ पर चढ़ गया। उसका विरोध दो घंटे तक चला। वह कह रहा था, मैं अपनी जान देने के लिए पेड़ पर चढ़ा क्योंकि ट्रैफिक पुलिस ने ग़लत तरीक़े से जुर्माना लगाया है। उसकी माँग थी कि पुलिस द्वारा जब्त की गई उसकी टैक्सी तुरंत छोड़ी जाए। पुलिस पर कार्रवाई भी की जाए। आखिरकार मरीन लाइन्स पुलिस पेड़ पर चढ़ गई और उसे नीचे उतरने के लिए मना लिया। पुलिस ने कहा कि वह बड़बड़ा रहा था कि वह नशे में है। इस मामले में उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। दरअसल शनिवार सुबह विधान भवन के बाहर अचानक हंगामा शुरू हो गया। सुबह 10 बजे एक व्यक्ति पेड़ पर बैठा था। वह बार-बार कह रहा था कि वह ऊपर से कूदकर अपनी जान दे देगा। यह देखकर भीड़ जमा हो गई। वह नीचे आने को तैयार नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुँच गए। उन्हें समझ नहीं आया कि वह क्या कह रहा है। पुलिस उससे नीचे उतरने की विनती कर रही थी। लेकिन वह सुनने के मूड में नहीं था। जैसे ही फायर ब्रिगेड के जवान और पुलिस पेड़ पर चढ़ने लगे, वह कूदने की धमकी दे रहा था। इससे दुविधा की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस सोच में पड़ गई कि इस दुविधा को कैसे सुलझाया जाए। पुलिस उसे समझाते और दबाव बनाते-बताते थक गई। आख़िरकार दमकल विभाग तथा मरीन लाइंस पुलिस ने घंटों मशक़्क़त के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जब वह नीचे आया तो उसे पकड़कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया और मामूली कार्रवाई कर उसे छोड़ दिया। सम्पत चोरमले दक्षिण मुंबई के डोंगरी में रहता है और पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। स्वेता/संतोष झा- २६ अक्टूबर/२०२५/ईएमएस