राज्य
27-Oct-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी शामिल किया गया है। बघेल अब बिहार में पार्टी के लिए प्रचार की कमान संभालेंगे। कांग्रेस ने इस लिस्ट में अपने शीर्ष नेताओं को उतारा है राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला और कई दिग्गज नेता प्रचार की अग्रिम पंक्ति में रहेंगे। भूपेश बघेल को संगठन में ग्रासरूट कनेक्शन और आक्रामक प्रचार शैली के लिए जाना जाता है। पार्टी नेतृत्व ने माना है कि बिहार जैसे राज्यों में बघेल की कृषक वर्ग और पिछड़े समुदायों से जुड़ाव की छवि कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे पहला चरण : 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान,दूसरा चरण : 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग,मतगणना : 14 नवंबर चुनाव प्रक्रिया का समापन : 16 नवंबर तक राज्य की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इन 243 सीटों में से 38 सीटें अनुसूचित जातियों (SC) और 2 सीटें अनुसूचित जनजातियों (ST) के लिए आरक्षित हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस इस बार बिहार में “स्थानीय मुद्दे + राष्ट्रीय चेहरों” के फॉर्मूले पर चुनावी मैदान में उतर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि भूपेश बघेल जैसे जमीन से जुड़े नेता बिहार के मतदाताओं के बीच कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना सकते हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 अक्टूबर 2025