क्षेत्रीय
04-Nov-2025
...


बदमाशों ने दंपति को बंधक बनाकर ढाई लाख नकद और 25 तोला सोना लूटा दंपति को खाट से बांधा पेचकस से चेहरे पर किए वार, पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ शुरू की जांच अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के शाढौरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात हुई। शाढ़ौरा थाना क्षेत्र के खैजरा अटारी गांव में बदमाशों ने पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह यादव और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर ढाई लाख रुपये नकद और करीब 25 तोले सोना लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात सोमवार देर रात लगभग 11 बजे की है। आधा दर्जन से अधिक बदमाश एक कार से आए और छत के रास्ते से सीधे महेंद्र सिंह यादव के घर में घुस गए। उस समय घर में केवल दंपति ही मौजूद थे। उन्होंने महेंद्र सिंह के मुंह को तौलिया से बांध दिया और कंबल डालकर हाथ-पैर जकड़ दिए। इसके बाद 2 बदमाश महेंद्र सिंह को दबाए रहे, घर में रखा नकद और सोने के जेवर एक बक्से में थे, जिसे तोड़कर लूट लिया गया। बदमाशों ने दोनों को धमकाकर बंधक बना लिया और घर की तलाशी लेने लगे। चेहरे पर पेंचकश से किए वार : लूट के दौरान बदमाशों ने पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह पर पेचकस से हमला कर दिया। उनके चेहरे और आंख में गंभीर चोट आई है और नाक से खून बहने लगा। दंपति पर हमला करने के बाद उन्हें खाट से रस्सियों से बांध दिया गया। बदमाश करीब आधे घंटे तक घर में रहे और फिर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। दंपति ने खुद को छुड़ाकर दी सूचना : घटना के बाद कुछ देर तक घर में सन्नाटा पसरा रहा। जब बदमाश भाग गए तो दंपति ने किसी तरह खुद को रस्सी से छुड़ाया और आसपास के लोगों को आवाज दी। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाढ़ौरा थाना पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस की जांच और शुरुआती सुराग : एसपी अशोकनगर ने बताया कि वारदात में छह से आठ बदमाश शामिल थे, जो कार से आए थे। घटनास्थल से कुछ फिंगरप्रिंट और वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि बदमाशों को घर और दंपति की दिनचर्या की जानकारी पहले से थी। टीमों को आसपास के टोल नाकों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व सरपंच अकेले रहते हैं, बच्चों का सहारा नहीं : महेंद्र सिंह यादव गांव के प्रभावशाली किसान हैं और पूर्व में सरपंच रह चुके हैं। उनके कोई संतान नहीं है और वे अपनी पत्नी के साथ गांव में अकेले रहते हैं। उनका घर मुख्य बस्ती से कुछ दूरी पर होने के कारण बदमाशों को वारदात का मौका मिला।गांव में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई गश्त : घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई लोगों ने गांव के एकांत घरों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 04 नवंबर 2025