राज्य
06-Nov-2025
...


पटना/भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी एवं गयाजी जिले वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशीयों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की बिहार का विधानसभा चुनाव धर्म और अधर्म के बीच है। विपक्ष के लोग बहुत चालाक हैं, कितने प्रकार के झूठ बोलते हैं। चुनाव में कांग्रेस और साथियों की नैया डूबते देख, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा चुनाव में बेइमानी का दावा कर रहे हैं। कह रहे हैं कि अब बिहार चुनाव में भी यही होगा। लेकिन राहुल गांधी किस मुंह से कहें कि उनकी ये हालत क्यों हो रही हैं। अगर कांग्रेसी आपके पास आएं तो उनसे पूछिए कि क्या कभी अयोध्या और मथुरा-वृंदावन गए? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सांस्कृतिक अभ्युदय के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। एनडीए सरकार द्वारा की गई शराबबंदी के बाद से बिहार की भी हालत बदल गई है। हमारी माता-बहनों के खातों में अभी 10-10 हजार रुपये आए हैं और 2 लाख रुपये मिलने वाले हैं। बड़ी संख्या में किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। सीमा पर जवान और खेत में किसान, इनका सम्मान सिर्फ एनडीए सरकार ही कर सकती है। माताओं-बहनों और किसानों का सम्मान ही हमारा संस्कार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का और विकास होगा। विकास का पहिया तब तेज़ चलता है जब सुरक्षा मजबूत और राजनीति पारदर्शी हो। कलयुग में वोटिंग का अधिकार ही जनता का सुदर्शन चक्र है, इसलिए मैं आपसे यही आग्रह करता हूं कि हर वर्ग के विकास और देश के सांस्कृतिक अभ्युदय के लिए यह संकल्प लें कि जब तक हमारे प्रत्याशी के पक्ष में अंतिम वोट नहीं पड़ जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से अपार जनसमूह के बीच पहुंचकर अभिवादन किया। कांग्रेस रोड़े अटकाती है, मोदी जी ने बदला देश का परिदृश्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की बागडोर संभालने के बाद देश का परिदृश्य बदला है। पूरी दुनिया में भारत का स्थान अब बुलंदियों पर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने तय किया है कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमें पशुपालन को बढ़ावा देना होगा। उनके नेतृत्व में देश में दूध का उत्पादन बढ़ रहा है और हम उस दौर की तरफ जा रहे हैं, जब देश में दूध और घी की नदियां बहती थीं। जिन भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाया, केवट के साथ नौकायन किया। वनवासी, आदिवासी हर वर्ग को गले लगाया और राम राज्य की स्थापना की, ऐसे भगवान श्रीराम के लिए भी कांग्रेस और उसके सहयोगी जीवन भर प्रमाण मांगते रहे। सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट हर जगह यह पूछते रहे कि भगवान राम कहां पैदा हुए? किसने देखा, भगवान राम कहां पैदा हुए थे? मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सारी दुनिया भारत को भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की धरती के रूप में जानती है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण हजारों सालों से हमारी पहचान हैं। लेकिन कांग्रेस के लोग देश की इस भावना पर भी सवाल उठाते हैं। कांग्रेस से पूछिये, बिहार में क्यों नहीं बना माता सीता का धाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक अभ्युदय के काम भी हुए हैं। उनकी प्रेरणा से काशी विश्वनाथ धाम सारी दुनिया में जगमगा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भव्य श्रीराम मंदिर का भूमिपूजन हुआ और अयोध्या के श्रीराम मंदिर में राम लला मुस्कुरा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उज्जैन में बाबा महाकाल का महालोक बना, उससे पहले तक हर साल वहां 50-60 लाख पर्यटक हर साल आते थे। लेकिन अब पिछले साल ही वहां 7 करोड़ से अधिक पर्यटक आए हैं। जब काशी विश्वनाथ धाम बन सकता है, अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन सकता है, महाकाल महालोक बन सकता है, तो बिहार तो माता सीता की धरती है, यहां भी माता सीता का धाम बनेगा। जब यह धाम तैयार हो जाएगा, तो सारी दुनिया से लोग बिहार आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग जब वोट मांगने आएं, तो उनसे पूछिए कि आप इतने सालों तक सत्ता में रहे, आपने माता सीता का धाम बनाने की बात क्यों नहीं सोची? वो यह काम कर ही नहीं सकते क्योंकि उनका मन छोटा है और वे उससे बाहर नहीं आना चाहते। भारत की वास्तविक ताकत सामाजिक एकता में बसती है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक एकता में बसती है। यह वही देश है जहाँ साधारण परिवारों से निकले युवा भी सर्वोच्च पदों तक पहुँच सकते हैं, यही भारतीय लोकतंत्र की विशिष्टता है। हाल के वर्षों में आतंकवाद और नक्सलवाद पर की गई निर्णायक कार्रवाई ने देश के सुरक्षा वातावरण को अत्यंत मजबूत किया है, और इसी स्थिरता ने व्यापक विकास के नए मार्ग खोले हैं। किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आवासीय सुविधाओं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और मेट्रो, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज व हाइवे जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाएं तेज़ी से बदलते भारत की मिसाल है। विकास का पहिया तब तेज़ चलता है जब सुरक्षा मजबूत और राजनीति पारदर्शी हो। लोकतंत्र वंश की संपत्ति नहीं, जनता की शक्ति है, और यह तभी सुदृढ़ होता है जब नागरिक सजगता के साथ अपने अधिकारों का उपयोग करते हैं। उन्होंने धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक समरसता को राज्य की प्रगति का मूल आधार बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार, निवेश और पर्यटन के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे। अपने वोट के सुदर्शन चक्र से सिखाएं झूठ बोलने वालों को सबक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी देश के सांस्कृतिक वैभव को लौटा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी उन्हें अपशब्द कहते हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे हैं। हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है, जिस पर पर्दा डालने के लिए उन्होंने अभी प्रेस कांफ्रेंस की थी। वो कहते हैं कि वहां बेईमानी हुई। उन्हें यह भी पता है कि बिहार में भी उनकी हार होने वाली है, इसीलिए वो अभी से बहानों की खोज कर रहे हैं और चुनाव आयोग पर बेईमानी के आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस की यह हालत उसके कर्मों के कारण हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल को 99 गालियों तक माफ किया था, आप भी मतदान के दिन तक इन्हें नजरअंदाज कीजिए। मतदान वाले दिन इनकी 100 गालियां पूरी हो जाएंगी और आपकी ऊंगली पर वोट का सुदर्शन चक्र होगा। जैसे ही आप अपनी ऊंगली से एनडीए प्रत्याशी का बटन दबाएंगे, सुदर्शन चक्र छूटेगा और ये धराशायी हो जाएंगे।