- कीमती माल रखने के लिये बनवाया था गुप्त लॉकर, चोरो ने उसी में लगा दी सेंध भोपाल(ईएमएस)। मुंबई में काम कर रहे एक होम आर्किटेक्टर के भोपाल के हबीबगंज थाना इलाके में स्थित घर से अज्ञात बदमाशो ने लाखों के जेवरात चोरी कर लिये। दो दिन पहले जब फरियादी मुंबई से वापस आए तब उन्हें चोरी का पता चला। चैक करने पर अलामारी का लॉकर टूटा मिलाऔर उसमें रखी नगदी और सोने-चॉदी के जेवरात गायब थे। पुलिस के अनुसार 56 वर्षीय मनीष ब्यौहार ने अपनी शिकायत में बताया की वह हबीबगंज थाना क्षेत्र की अशोका सोसायटी में रहते हैं, और आर्किटेक्ट का काम करते हैं। इन दिनो वह परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। काम के सिलसिले में उनका भोपाल आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने मकान में विक्की सोनी और रवि सोनी निवासी गुना को देख-रेख की जिम्मेदारी दे रखी हैं। मनीष ने पुलिस को बताया कि घर में बुक शेल्फ के बीच उन्होंने गुप्त लॉकर बनवाया हुआ है। बीती 15 जुलाई की शाम करीब 7 बजे उन्होंने लॉकर में सोने, चांदी के जेवर और नगदी रखी थी। इसके बाद मुंबई चले गए। वहां से 22 नवंबर की रात 8 बजे अपने घर पहुंचे जब उन्होंने बुक शेल्फ के बीच गुप्त लॉकर को खोलकर देखा तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, हीरे की रिंग और नगदी सहित 10 लाख का माल गायब था। रवि और विक्की से पूछताछ के बाद भी चोरी करने वाले की कोई जानकारी नहीं लगी तब फरियादी ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की। पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुनेद / 24 नंवबर