भरुच (ईएमएस)| जिले के अंकलेश्वर क्षेत्र में एक किशोरी को शादी का प्रलोभन देकर अपहरण करने के गंभीर मामले में पोक्सो के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना को लगभग 20 दिन बीत जाने के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंकलेश्वर जीआईडीसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में बाल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अंकलेश्वर क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को 21 वर्षीय मौसिम शिवशंकर कुशवाहा शादी का लालच देकर घर से भगा ले गया था। परिवारजनों को जब पता चला कि किशोरी घर पर नहीं है, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। किशोरी नाबालिग होने के कारण पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के तहत अपहरण और प्रलोभन का केस दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी किशोरी को शादी का वादा देकर अंकलेश्वर से बाहर ले गया था और मोबाइल बंद होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। अंकलेश्वर जीआईडीसी पुलिस ने किशोरी के आसपास के संपर्क, कॉल डिटेल्स और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी किशोरी को लेकर उत्तर प्रदेश के एक गांव में छिपकर रह रहा है। पुलिस टीम तुरंत उत्तर प्रदेश रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से मौसिम शिवशंकर कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही किशोरी को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर भरूच लाया गया। पुलिस ने किशोरी को तुरंत मेडिकल जांच के लिए भेजा। फिलहाल मेडिकल टीम उसकी सेहत और उस पर हुए किसी भी शारीरिक शोषण की जांच कर रही है। अंकलेश्वर जीआईडीसी पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद यदि दुष्कर्म की पुष्टि होती है, तो आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता तथा पोक्सो अधिनियम की और भी गंभीर धाराएँ जोड़ी जाएंगी। पुलिस ने 21 वर्षीय मौसिम शिवशंकर कुशवाहा को अंकलेश्वर कोर्ट में पेश किया है और पुलिस रिमांड की मांग की है ताकि घटना को लेकर आगे की पूछताछ की जा सके। किशोरी को कहाँ रखा गया था, उसे किन-किन जगहों पर ले जाया गया, किसकी मदद मिली—इन सभी बातों की जानकारी मिलने की संभावना है। सतीश/27 नवंबर