रायपुर(ईएमएस)। नगर निगम रायपुर ने 14 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राजकुमार कॉलेज से बकाया संपत्तिकर की वसूली की है। कॉलेज द्वारा वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया गया था। लगातार लंबित इस मामले में कार्रवाई करते हुए नगर निगम जोन-5 की टीम ने कुल 1 करोड़ 64 लाख रुपए का बकाया राजस्व वसूल किया है। इस कार्रवाई की नगर निगम आयुक्त ने खुले तौर पर सराहना की है। हालांकि, इस वसूली से पहले नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी उठते रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीते 14 वर्षों में निगम द्वारा नोटिस पर नोटिस तो जारी किए गए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आम जनता और छोटे व्यापारियों के मामलों में जहां संपत्ति सील कर तुरंत कर वसूला जाता है, वहीं राजकुमार कॉलेज जैसे बड़े संस्थान पर वर्षों तक कार्रवाई नहीं होने से निगम के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े हो रहे थे। लगातार उठ रहे सवालों और आलोचना के बाद आखिरकार नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए बकाया कर की वसूली की। इस पूरे अभियान का नेतृत्व जोन कमिश्नर खीरसागर नायक ने किया। मामले में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने जोन-5 की टीम के प्रयासों की सराहना की है। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि इस बकाया कर की वसूली से निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी और भविष्य में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का संदेश भी जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 दिसम्बर 2025