-कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक दुर्भावना का आरोप रायपुर(ईएमएस)। दो साल पुराने राजनीतिक प्रदर्शन से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को कोर्ट के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है। गैर-जमानती धाराओं में दर्ज प्रकरण में जमानत के लिए वे रायपुर न्यायालय पहुंचे थे, लेकिन सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दे दिया। जानकारी के अनुसार यह मामला दो वर्ष पूर्व हुए एक राजनीतिक प्रदर्शन से संबंधित है। इस दौरान विनोद तिवारी पर कानून व्यवस्था भंग करने और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने के आरोप लगाए गए थे। इसी प्रकरण में उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराएं दर्ज की गई थीं। कोर्ट में पेशी के दौरान उन्हें हिरासत में लेकर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया। कांग्रेस नेता के जेल जाने की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है।