क्षेत्रीय
27-Dec-2025
...


भोपाल(ईएमएस)। बैरसिया पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को दबोचा है, जिसने धोखाधड़ी और कूट रचित दस्तावेजों के जरिए फाइनेंस कंपनियों को लाखो का चूना लगाया था। आरोपी बीते चार सालो से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी जीतेन्द्र सिंह यादव (41), निवासी ग्राम रोझिंया ने साल 2017 में महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी से एक ट्रैक्टर फाइनेंस कराया था। आरोपी ने कंपनी का कर्ज चुकाए बिना ही ट्रैक्टर की फर्जी एनओसी तैयार कर ली और उसे आरटीओ में जमा कर ट्रैक्टर को कर्ज मुक्त करा लिया। इसके बाद उसी ट्रैक्टर पर आरोपी ने श्रीराम फाइनेंस से दोबारा लोन ले लिया। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी की शिकायत पर न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद साल 2022 में बैरसिया थाने में जालसाजी का मामला दर्ज किया गया था। तब से ही आरोपी अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था। आख़िरकार बीते दिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोपाल के करोंद इलाके में घेराबंदी कर आरोपी जीतेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जुनेद / 27 दिसंबर