:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बड़ा ऐलान : 2026 होगा अन्नदाता कल्याण वर्ष, लाड़ली बहनों की राशि होगी 3000 :: :: रतलाम को 145 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात :: इन्दौर/जावरा (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रतलाम जिले के जावरा में किसान समृद्धि का नया अध्याय लिखा। सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3.77 लाख सोयाबीन उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 810 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। उन्होंने घोषणा की कि नए साल 2026 को सरकार अन्नदाता कल्याण को समर्पित करेगी और पूरे प्रदेश में कृषि उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भावांतर केवल योजना नहीं, बल्कि किसानों के प्रति सरकार का श्रद्धाभाव है। यह राशि किसानों के अधिकार की है और उनकी समृद्धि के संकल्प का प्रतीक है। राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व मंच पर मौजूद रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। मंच पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, और जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे विशेष रूप से उपस्थित थे। इनके अलावा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा और हरदीप सिंह डंग सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हजारों की संख्या में आए किसानों पर पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री ने उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि विस्तार सेवाओं को गांव-गांव तक पहुँचाने पर जोर दिया। :: जावरा के लिए घोषणाओं की झड़ी :: मुख्यमंत्री ने जावरा के विकास के लिए खजाना खोल दिया। उन्होंने नगर में एक आधुनिक इनडोर-आउटडोर स्टेडियम और निराश्रित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर बनाने की घोषणा की। इसके अलावा हेरिटेज भवन निर्माण और जर्जर स्कूलों की मरम्मत के लिए 2-2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई। बेटियों की शिक्षा के लिए ग्राम शुजापुर और पिपलौदा में बालिका छात्रावास बनाने का भी ऐलान किया। डॉ. यादव ने रतलाम जिले को 145 करोड़ रुपए की लागत वाले 33 विकास कार्यों की सौगात भी दी, जिसमें 12 कार्यों का लोकार्पण और 21 का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास का यह कारवां रुकने वाला नहीं है। डॉ. यादव ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के 32 लाख किसानों को 90% अनुदान पर सोलर पंप दिए जाएंगे। मालवा क्षेत्र की तस्वीर बदलने के लिए 5 हजार करोड़ की लागत से नया फोर-लेन हाईवे बनेगा, जो रतलाम से होकर गुजरेगा। उन्होंने पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना को अंचल के लिए जीवनदायिनी बताया, जिससे मालवा और चंबल के 15-15 जिले सिंचाई लाभ पाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे के व्यक्तित्व को जनसेवा की मिसाल बताया। कृषि मंत्री कंषाना ने मुख्यमंत्री को किसान पुत्र बताते हुए उनके क्रांतिकारी निर्णयों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने मालवा क्षेत्र के लिए 5 हजार करोड़ के नए फोर-लेन हाईवे और नदी जोड़ो परियोजना के लाभों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान मालवा के गांधी डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय की जीवनी पर केंद्रित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। प्रकाश/28 दिसम्बर 2025