:: महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में हुआ भूमि पूजन; वेद मंदिर का भी होगा कायाकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अन्नपूर्णा आश्रम परिसर में शनिवार को आध्यात्मिक ऊर्जा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर निर्माण के द्वितीय चरण का शुभारंभ हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के पावन सानिध्य में भगवान भैरवनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार एवं हनुमानजी के नवीन मंदिर हेतु भूमि पूजन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पहल के साथ ही आश्रम परिसर में वेद मंदिर के नवीनीकरण का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। आश्रम ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्रीमती सरोज एवं घनश्याम गुप्ता रहे, जिन्होंने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में पूजन की विधियां पूर्ण कीं। आर्किटेक्ट सत्यप्रकाश राजपूत के नक्शे और मार्गदर्शन में मंदिर के नए स्वरूप को तैयार किया जाएगा। पूजन के पश्चात महामंडलेश्वर ने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का नवीनीकरण नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। समारोह के दौरान आश्रम ट्रस्ट की ओर से पवन सिंघानिया, सत्यनारायण शर्मा, श्याम सिंघल, स्वामी जयेंद्रानंद गिरि, स्वामी विवेकानंद गिरि, भूपेश गुप्ता, मनोज जैन, शिवम अग्रवाल और मनीष बंसल ने उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। अन्नपूर्णा परिसर में शुरू हुए इन विकास कार्यों से भक्तों में हर्ष व्याप्त है। आगामी समय में यहाँ श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ प्राचीन स्थापत्य कला का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। प्रकाश/31 दिसम्बर 2025 संलग्न चित्र - इंदौर। अन्नपूर्णा आश्रम परिसर में महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में भूमि पूजन करते यजमान एवं विद्वान।