:: भागवत ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहुति पर संतों ने दी आहुतियां; अन्नकूट में 5 हजार भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी :: इंदौर (ईएमएस)। लोहारपट्टी स्थित प्राचीन श्रीजी कल्याण धाम (खाड़ी के मंदिर) के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को भक्ति और उत्सव का त्रिवेणी संगम देखने को मिला। हंसदास मठ के पीठाधीश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के पावन सानिध्य में भागवत कथा की पूर्णाहुति, यज्ञ-हवन और विशाल अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर मंदिर में नयनाभिराम पुष्प बंगला सजाया गया और देवताओं को नवीन रजत आभूषणों से अलंकृत किया गया। वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान कल्याणजी और अन्य देवी-देवताओं का सुगंधित पुष्पों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। संकट हरण वीर हनुमानजी महाराज को विशेष रूप से रजत मंडित आभूषण पहनाए गए। इस दिव्य दरबार में 56 भोग समर्पित किए गए, जिसके दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विदा ले रहे वर्ष 2025 की विदाई और नववर्ष 2026 की अगवानी में सभी ने सामूहिक रूप से सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। गत 23 दिसंबर से जारी आचार्य पं. राजेश शास्त्री की भागवत कथा का समापन हवन-पूजन के साथ हुआ। यज्ञ में विधायक रमेश मेंदोला, सुदर्शन गुप्ता, दीपक जैन टीनू, और निरंजनसिंह चौहान सहित कई गणमान्य नागरिकों ने आहुतियां दीं। स्वामी रामबालक दास रामायणी और महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा सहित अनेक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच लोक-कल्याण की प्रार्थना की। अतिथियों का आत्मीय स्वागत श्रीमती वर्षा शर्मा, रुक्मणी शर्मा, गीता व्यास और महिला मंडल की सदस्यों द्वारा किया गया। :: शीतलहर के बावजूद उमड़ा जनसैलाब :: कड़ाके की शीतलहर के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। देर रात तक चले अन्नकूट महोत्सव में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसादी का पुण्य लाभ लिया। मंदिर परिसर जय श्री कृष्ण और जय हनुमान के जयकारों से गुंजायमान रहा। प्रकाश/31 दिसम्बर 2025 संलग्न चित्र - इंदौर। लोहारपट्टी स्थित खाड़ी के मंदिर में कल्याणजी एवं अन्य देवी-देवताओं का पुष्प बंगला श्रृंगारित कर छप्पन भोग समर्पित किए गए।