19-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और खतरनाक वायु प्रदूषण जारी है। राजधानी में सुबह-शाम धुंध की मोटी परत और कम विजिबिलिटी से यातायात प्रभावित हो रहा है। एक्यूआई 400 के पार बना हुआ है। मौसम विभाग ने घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है। राजधानी में सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने से लोगों की हालत खराब है। तड़के से ही दिल्ली के कई इलाकों में धुंध की मोटी परत नजर आ रही है, जिसके कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली पर कोहरे और प्रदूषण की दोहरी मार पड़ रही है। सड़कों पर चल रहे वाहनों को रफ्तार धीमी रखनी पड़ रही है। कोहरे का सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर देखने को मिल रहा है। प्रमुख सड़कों और हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। वहीं 23 जनवरी के लिए मौसम विभाग की ओर से बारिश का पूर्वानुमान जाहिर किया गया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/19/ जनवरी /2026