चेन्नई(ईएमएस)। पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कोलंबो में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को अहम सलाह दी है। अश्विन के अनुसार पाक ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक की रुक कर आने वाली साइड आर्म एक्शन से की गई गेंदों को फेंकते समय जब वह रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं। तारिक की रुक-रुक कर गेंदबाजी करने की शैली पर काफी सवाल उठे हैं हालांकि अभी तक आईसीसी ने उनपर रोक नहीं लगायी है। तारिक ने अपनी इस अजीब गेंदबाजी से ने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ही प्रति ओवर छह रन से भी कम देकर 11 विकेट लिए हैं। ऐसे में वह भारतीय टीम के बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। अश्विन ने कहा, अगर गेंदबाज गेंद फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाता है, तो बल्लेबाज को दूर हटने का अधिकार है। वह कह सकता है कि मुझे लगा कि वह रुक रहा है। इससे अंपायर के लिए बड़ी संशय की हालत होगी। उन्होंने कहा, अगर मैं वहां होता तो मैं भी यही करता। मैच जीतने के लिए नियमों के दायरे में रहकर सभी प्रयास करना चाहिए। मैं बस इतना कहता कि मुझे नहीं पता कि वह गेंद कब छोड़ेगा और मैं एक तरफ हट जाता। अगर मैं हट जाता हूं, तो यह अंपायर की जिम्मेदारी होगी। अश्विन ने कहा, मैच के बीच में इससे तारिक पर काफी दबाव पड़ेगा। यह एक अविश्वसनीय रोमांचक अनुभव होगा। वह उनकी टीम का ट्रंप कार्ड है। अगर बल्लेबाज इस तरह की प्रतिक्रिया करता है तो वह क्या कर सकता है। तारिक के अजीब एक्शन को देखते हुए कई खिलाड़ियों ने उनपर सवाल उठाये हैं। इनका कहना है कि तारिका एक्शन वैध नहीं है और उसपर रोक लगायी जानी चाहिये। ईएमएस 13फरवरी 2026