खेल
13-Feb-2026


औली (ईएमएस)। उत्तराखंड के औली में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को औली विंटर कार्निवल 2026 का उदघाटन किया। इस दौरान स्थानीय लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां दी गई। पर्यटन केंद्र औली में विंटर कार्निवल अगले तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान यहां की विश्व प्रसिद्ध ढलनों में तरह-तरह के बर्फीले खेलों का आयोजन होगा। विंटर कार्निवल का उद्घाटन करने के दौरान महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावना का संगम है। समुद्र तल से 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपनी विस्तृत प्राकृतिक ढलनों और देवदार के वनों तथा नंदा देवी कामेंट और माणा जैसे हिमालयी शिखरों के कारण भारत का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। जहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुकूल बनाती हैं। 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस विंटर कार्निवल में अनेक गतिविधियां संचालित होंगी। साथ ही देशभर की 16 टीमों सहित आइटीबीपी, एसडीआरएफ और सेना की टीमें भी इन खेलों में प्रतिभाग करेंगी। शुक्रवार को महिला वर्ग की ज्वाइंट सल्ललम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की आंचल ने प्रथम, जबकि संध्या ने द्वितीय और तनुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सतपाल महाराज ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक खेलों को बढ़ावा दिए जाने के लिए औली में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। जिसे प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा। अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ सूर्य देव भूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत हेलंग से उद्गम रुद्रनाथ मंडल होते हुए उखीमठ तक कुल 91 किलोमीटर ट्रायल का आयोजन होगा। ईएमएस 13 फरवरी 2026