क्षेत्रीय
13-Feb-2026


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2026- 27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं के पंजीयन एवं उपार्जन कार्य के सुचारू सम्पादन के लिए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिला स्तरीय उपार्जन समिति का गठन किया है। जिला स्तरीय उपार्जन समिति में कलेक्टर अध्यक्ष व जिला आपूर्ति अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। समिति में जिला लीड बैंक अधिकारी, उप संचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण, उपायुक्त सहकारी संस्थाएं, जिला सूचना अधिकारी- एनआईसी, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, जिला प्रबंधक मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन, जिला विपणन अधिकारी- मार्कफेड, जिला प्रबंधक (नोडल) मप्र वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कार्पोरेशन, अधीक्षक भू- अभिलेख और सचिव (नोडल) कृषि उपज मंडी को सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। जारी आदेश के अनुसार रबी विपणन वर्ष 2026- 27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन प्रक्रिया एवं उपार्जन संबंधी समय- समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराते हुए उपार्जन कार्य का सम्पादन कराएंगे। रबी विपणन वर्ष 2026- 27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं किसान पंजीयन एवं उपार्जन कार्य के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर नरसिंहपुर होंगे। राहुल वासनिक ईएमएस / 13/02/2026