नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में कक्षा 5 वीं एवं कक्षा 8 वीं की आगामी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों तथा अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की ग्रेडवार संबंधी समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 16 फरवरी तक सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से वितरित करने और परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था के लिए पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूर्व से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अर्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी जनशिक्षक परीक्षा पूर्व तक अपने- अपने क्लस्टर की शालाओं में नियमित अध्यापन का कार्य सुनिश्चित करें, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में अपेक्षित सुधार हो सके। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जनपद शिक्षा केंद्र के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्रेषित करें। बैठक में गैर-शिक्षणीय कार्यों में संलग्न शिक्षकों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने, अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और आवश्यकतानुसार शिक्षकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जहां शिक्षकों की कमी है, वहां जनशिक्षकों द्वारा अध्यापन कार्य कराने एवं जहां शिक्षक अधिक हैं, वहां आवश्यकता वाले विद्यालयों में मोबाइल टीचिंग के माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था एवं अधोसंरचना के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। सभी विकासखंड स्रोत समन्वयकों को प्रत्येक विद्यालय की अधोसंरचना संबंधी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जा सकें। इसके अतिरिक्त नवीन बालिका शौचालयों के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में एपीसी श्री मनीष चौकसे, जिले के समस्त विकासखंड स्रोत समन्वयक, बीएसी, जनशिक्षक, उपयंत्री एवं एमआईएस प्रभारी मौजूद थे। राहुल वासनिक/ ईएमएस / 13/02/2026