रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा रात्रिकालीन संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में लगातार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व दिवस बैजनाथपारा क्षेत्र में देर रात्रि शटर की आड़ में अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दुकानदारों एवं खरीददारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई थी। इसके पश्चात क्षेत्र में पुलिस निगरानी और अधिक सघन कर दी गई है। इसी क्रम में आज थाना सिटी कोतवाली रायपुर द्वारा बैजनाथपारा इलाके में देर रात्रि संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। गश्त के दौरान ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनकी गतिविधियों से लोक शांति भंग होने की आशंका प्रतीत हो रही थी। थाना सिटी कोतवाली रायपुर द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध इस्तगासा तैयार कर विधिसम्मत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। उक्त कार्यवाही में शेख रियाज (49 वर्ष), विकास निषाद (20 वर्ष), धीरज टंडन (19 वर्ष), राजेश साहू (44 वर्ष) सभी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें माननीय सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। रायपुर पुलिस द्वारा स्पष्ट रूप से संदेश दिया गया है कि रात्रिकाल में अनावश्यक रूप से घूमकर लोक शांति में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा असामाजिक गतिविधियों की आशंका पैदा करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर, त्वरित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/13 फरवरी 2026