छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड में नवजात शिशुओं के अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की व्यवस्था शुरू की गई है। अब अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र 24 घंटे के भीतर बनाकर सीधे परिजनों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए गायनिक वार्ड में विशेष काउंटर स्थापित किया गया है, जहां जन्म संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर त्वरित प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने बताया कि पहले जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परिजनों को नगर पालिका या संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार दस्तावेजों की कमी या प्रक्रिया की जानकारी न होने से अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती थी। अब अस्पताल प्रबंधन ने यह व्यवस्था की है कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद आवश्यक विवरण दर्ज कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 24 घंटे के भीतर प्रमाण पत्र तैयार कर दिया जाएगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस सुविधा से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी, जिन्हें बार-बार शहर आना पड़ता था। जन्म प्रमाण पत्र शासकीय योजनाओं, स्कूल प्रवेश, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के लिए अनिवार्य होता है, ऐसे में समय पर प्रमाण पत्र मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया है, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें। नई पहल से जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ प्रशासनिक सेवाओं में भी सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ईएमएस / 13/02/2026