:: योजना से लाभान्वित होंगे 11,265 कार्मिक और पेंशनर्स; चयनित अस्पतालों में अब नहीं करना होगा अग्रिम भुगतान :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में कार्यरत कार्मिकों, पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत का मार्ग प्रशस्त किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घोषणा की है कि कंपनी में आगामी 1 मार्च से कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना प्रभावी रूप से लागू की जा रही है। उन्होंने इस निर्णय को कार्मिकों और उनके परिजनों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया है। योजना के लागू होने से प्रदेश के कुल 11,265 कार्मिक और उनके परिजन सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इस योजना का लाभ एमपी ट्रांसको के लगभग 7,351 कार्यरत कार्मिकों और 3,914 पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स को प्राप्त होगा। कैशलेस सुविधा के माध्यम से अब लाभार्थियों को कंपनी द्वारा चयनित अस्पतालों में उपचार के लिए अपनी ओर से अग्रिम राशि जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों में कर्मचारियों के परिवारों पर पड़ने वाले अचानक आर्थिक बोझ को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। :: वेतन और पेंशन से प्रीमियम की कटौती इसी माह से :: योजना के व्यवस्थित क्रियान्वयन को लेकर विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मंत्री तोमर ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों और पेंशनर्स द्वारा चयनित विकल्पों के आधार पर उनके वेतन एवं पेंशन से प्रीमियम की कटौती इसी माह से प्रारंभ की जा रही है। यह निर्णय न केवल ऊर्जा विभाग की अपने मानव संसाधन के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को भी नई मजबूती प्रदान करता है। ऊर्जा विभाग के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य कार्मिकों को कार्यस्थल के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में भी सुरक्षित महसूस कराना है। कैशलेस स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं आधुनिक कार्य संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। 1 मार्च से शुरू होने वाली इस योजना के अंतर्गत अस्पतालों के नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है ताकि कार्मिकों को बिना किसी तकनीकी बाधा के सुलभ उपचार मिल सके। प्रकाश/13 फरवरी 2026