राज्य
13-Feb-2026


:: दो दिन से थी गायब, दोस्त के बंद मकान से बरामद हुई निर्वस्त्र लाश; ब्लैकमेलिंग का आरोप :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय एमबीए छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले दो दिनों से लापता छात्रा का शव शुक्रवार को उसके एक क्लासमेट (कथित बॉयफ्रेंड) के बंद घर से बरामद हुआ। पुलिस को अंदेशा है कि छात्रा की गला घोंटकर हत्या की गई है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस श्रीकृष्ण लालचंदानी के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने संदिग्ध के मकान से दुर्गंध आने की शिकायत की थी। सूचना मिलने पर जब पुलिस ने मकान का ताला तोड़ा, तो अंदर छात्रा का निर्वस्त्र शव बरामद हुआ। घटना के बाद से ही आरोपी क्लासमेट फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। :: ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का आरोप :: मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, आरोपी युवक उनकी बेटी को उसकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। वह फोटो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से पैसों की मांग कर रहा था। परिजनों का मानना है कि इसी विवाद और रंजिश के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है। द्वारकापुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार मुख्य संदिग्ध को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और अन्य पहलुओं का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। प्रकाश/13 फरवरी 2026