:: इको क्लब की पहल : छात्राओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति किया जागरूक; वैष्णवी और शबाना ने मारी बाजी :: इंदौर (ईएमएस)। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, किला भवन में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूँजा। कॉलेज के इको क्लब द्वारा छात्राओं के लिए एक विशेष पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण और प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरण की वर्तमान चुनौतियों से अवगत कराना और उन्हें प्रकृति को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना था। :: प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया उत्साह :: इको क्लब की प्रभारी डॉ. पूजा जैन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा वैष्णवी बैस, शबाना, राजश्री और अनुष्का को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए पर्यावरण के प्रति सजग रहना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। :: संसाधनों को सहेजने का लिया संकल्प :: कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को दैनिक जीवन में जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत और प्लास्टिक का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रो. रितु मथुरिया, डॉ. अमरीश, डॉ. आशीष कपूर और डॉ. फरीदा जोहर सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्राओं में न केवल सामान्य ज्ञान बढ़ता है, बल्कि वे समाज में पर्यावरण दूत के रूप में भी अपनी भूमिका निभाती हैं। प्रकाश/13 फरवरी 2026