छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। छत्रपति शिवाजी जयंती पर आगामी 16 फरवरी को छिंदवाड़ा में हिन्दू गर्जना रैली के साथ धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में होगा। शुक्रवार को इस कार्यक्रम के संबंध में प्रेस वार्ता में जिला बजरंग दल संयोजक नरेंद्र पटेल ने ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिन्दू गर्जना रैली इस वर्ष अपने पांचवें वर्ष में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए तेलंगाना के विधायक और प्रखर हिंदुत्ववादी नेता टी राजा सिंह को आमंत्रित किया गया है। जो पहली बार छिंदवाड़ा पहुंचकर धर्मसभा को संबोधित करेंगे। रैली की जानकारी देते हुए पटेल ने बताया कि 16 फरवरी को शाम 5 बजे रैली का शुभारंभ दादा धूनीवाले मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा। रैली का नेतृत्व मातृशक्ति द्वारा किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग बैंड-बाजे, डीजे, आकर्षक झांकियों एवं भगवा ध्वजों के साथ शामिल होंगे। रैली दादा धूनीवाले मंदिर से प्रारंभ होकर तिलक चौक, पावरहाउस, फव्वारा चौक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहंा शाम 7 बजे धर्मसभा होगी। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में विधायक टी राजा सिंह उपस्थित रहेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने जिलेभर के नागरिकों से कहा है कि वे छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। ईएमएस / 13/02/2026