क्षेत्रीय
13-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। शहर में सीवरेज परियोजना से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु शिकायत निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक महापौर कक्ष में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर विक्रम अहके ने की। बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विक्रम अहके ने शहर की सीवरेज व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नए सीवरेज कनेक्शन आयुक्त की पूर्व अनुमति से ही किए जाएँ। साथ ही पूर्व में किए गए सीवरेज कार्यों में आ रही तकनीकी एवं संचालन संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा उनके समाधान के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। जनसुविधाओं में सुधार एवं स्वच्छ शहरी वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में इस पहल को एक महत्वपूर्ण कदम माना गया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अरुणा कुशवाहा, कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर, राहुल ताम्रकार,अर्चना सिंह ठाकुर, पीआईयू इंजीनियर सुशील बिसेन, राहुल स्वामी एवं मनीष सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सीवरेज से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराएँ, ताकि उनका समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान किया जा सके। ईएमएस / 13/02/2026