क्षेत्रीय
13-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। कोयलांचल के परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय की मुश्किलें कम होने की बजाए लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चांदामेटा क्षेत्र की एक महिला ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार को उक्त महिला ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया है कि विनोद मालवीय उस पर गंदी नीयत रखता था, लेकिन महिला किसी तरह बचती रही। महिला ने आरोप लगाया है कि विनोद मालवीय ने इसी बदनीयती के कारण उसके पति को नगर पालिका में नौकरी दी। महिला का आरोप है कि एक माह पूर्व १० जनवरी को जब वह घर पर अकेली थी तब नपा अध्यक्ष विनोद मालवीय उनके घर में घुस गया और अश्लील हरकतें करने लगा। उसने किसी तरह खुद को बचाया और विनोद को चले जाने के लिए कहा। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौच भी की गई। इसके बाद 14 जनवरी 2026 को नगर पालिका की टीम महिला के घर पहुंची और कंपाउंड वॉल तुड़वाने का प्रयास किया। उसने कहा कि जब एक महिला ने नपा अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत कराई तो उसकी भी हिम्मत बढ़ी और शुक्रवार को उसने चांदामेटा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत कराई है। इस मामले में जब थाना प्रभारी खेलचंद पटले के मोबाइल नं. ६२६८९९०६३१ पर पुलिस कार्रवाई की जानकारी के लिए फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिससे पुलिस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी। ईएमएस / 13/02/2026