राज्य
13-Feb-2026
...


:: महाशिवरात्रि पर वैष्णो देवी गुफा के होंगे दर्शन; रजत मंडित गर्भगृह में एक-दूसरे को वरमाला पहनाएंगे शिव-पार्वती :: इंदौर (ईएमएस)। नवलखा स्थित प्राचीन मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर पांच दिवसीय शिव विवाह एवं महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान सैकड़ों भक्तों ने दूल्हा बने भगवान शिव और दुल्हन स्वरूप गौरा मैया को मेहंदी लगाकर विवाह की रस्में शुरू कीं। कई परिवार ढोल-ढमाकों के साथ अपने घरों से मेहंदी घोलकर लाए और भक्ति भजनों पर झूमते हुए भोलेनाथ के त्रिशूल व डमरू को भी मेहंदी अर्पित की। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल व सुभाष बजरंग ने बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि (15 फरवरी) पर भक्तों के लिए विशेष आकर्षण माँ वैष्णो देवी की गुफा होगी। 10 कलाकारों की टीम पिछले 10 दिनों से इस भव्य गुफा और विवाह मंडप का निर्माण कर रही है। भक्त इस गुफा से होकर गुजरेंगे और रजत मंडित गर्भगृह में विराजित शिव-पार्वती को एक-दूसरे को वरमाला पहनाते हुए निहार सकेंगे। झांकी में शुभ लग्न, सात फेरे और विवाह के सभी प्रसंगों को जीवंत रूप दिया गया है। :: आज उबटन और कल केसर स्नान :: महोत्सव की अगली कड़ी में शनिवार सुबह 10 बजे से भगवान को लेपन एवं उबटन लगाने की रस्म निभाई जाएगी। रविवार, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दोपहर 1 बजे बाबा का केसर जल से महास्नान होगा। शाम 6:30 बजे महाआरती के बाद भव्य झांकी आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दी जाएगी। सोमवार, 16 फरवरी को तड़के 1:30 बजे रुद्राभिषेक और सुबह 5 बजे उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर भस्मारती संपन्न होगी। :: विशिष्टजनों की उपस्थिति और व्यवस्थाएं :: कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित विधायक मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महिला-पुरुषों के लिए पृथक कतारों और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की है। यातायात सुचारू रखने के लिए 50 से अधिक स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। प्रकाश/13 फरवरी 2026