- ईडी ने संस्था पदाधिकारियों की 64 लाख की संपत्ति की अटैच इन्दौर (ईएमएस) बहु विवादित नवभारत हाउसिंग सोसायटी के खिलाफ एमजी रोड थाने में दर्ज प्लॉटों की धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते ईडी ने सोसाइटी पदाधिकारियों की करीब 64 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। दर्ज एफआईआर में आरोप है कि संस्था के फंड से खरीदे गए प्लॉट संस्था पदाधिकारी श्रीकांत घंटे और सुभाष दुबे ने अपने स्तर पर बगैर किसी की जानकारी मे लगाए बेचकर आय के तमाम रिकॉर्ड नष्ट कर दिए और उस पैसे को अवैध रूप से संपत्तियां खरीदने में इस्तेमाल किया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 409, 420, 120बी के तहत यह केस दर्ज किया था। मामले में ईडी जांच कर रही थी। ईडी ने अपनी जांच में पाया कि यह सुनियोजित घोटाला था। इसमें नवभारत हाउसिंग सोसायटी के पदाधिकारियों ने संस्था के फंड से खरीदी जमीन अलग-अलग संस्थाओं को बेचकर सदस्यों से धोखाधड़ी की। साथ ही जमीन की बिक्री से प्राप्त आय का रिकॉर्ड नष्ट कर दिया। वहीं धोखाधड़ी से अर्जित इस राशि से अचल संपत्तियां खरीदी गईं। जिसके बाद ईडी ने नवभारत हाउसिंग सोसायटी के दो पदाधिकारियों श्रीकांत घंटे व सुभाष दुबे की 64 लाख 16 हजार रुपए कीमत की संपत्ति को अटैच किया है। घोटाले के लिए यही दोनों पदाधिकारी प्रमुख रूप से जिम्मेदार हैं इन्होंने ही प्लॉट का आवंटन नियम विपरीत कर रिकार्ड नष्ट कर दिया था। आनंद पुरोहित/ 16 फरवरी 2026